नई दिल्ली, 2 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
इस पहल से गाँवों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आसानी से वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी, जिससे वे अपने कार्य और व्यवसाय का विस्तार कर सकेंगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने संघ के बैंक खाते में ₹105 करोड़ की राशि भी हस्तांतरित की।
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार की एनडीए सरकार को बधाई देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण भारत की प्रगति का आधार है और उनके जीवन से कठिनाइयाँ दूर करना सरकार की प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें- भारत का पहला स्वदेशी माइक्रोप्रोसेसर “विक्रम” प्रधानमंत्री मोदी को भेंट
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र किया और राजद-कांग्रेस नेताओं द्वारा उनकी दिवंगत माँ के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी माँ का नहीं बल्कि देश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों का अपमान है।
पीएम मोदी ने कहा, “माँ ही हमारा संसार है, माँ ही हमारा स्वाभिमान है। बिहार में जो हुआ उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी। मेरी माँ, जो 100 वर्ष की आयु में इस दुनिया को छोड़ गईं और जिनका राजनीति से कोई संबंध नहीं था, उन्हें गालियाँ दी गईं। यह हर माँ और बहन के सम्मान पर चोट है।”
ये भी पढ़ें- बिहार मतदाता सूची संशोधन की डेडलाइन बढ़ाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार
उन्होंने याद किया कि उनकी माँ ने उन्हें हमेशा समाज और देश की सेवा के लिए प्रेरित किया। “मेरी माँ ने मुझे अपने से अलग कर दिया ताकि मैं करोड़ों माताओं की सेवा कर सकूँ। उनकी स्मृति आज भी मुझे जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति देती है।”





