जैकी भगनानी ने जताई इच्छा, हरियाणा में बने बड़ा फिल्म इंडस्ट्री सेंटर

September 1, 2025 10:51 PM
Follow :

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर जैकी भगनानी ने सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें जैकी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं।

जैकी ने बातचीत के दौरान हरियाणा को फिल्म इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बनाने की इच्छा जताई। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि नायब सैनी की दूरदर्शी सोच और संस्कृति व सिनेमा के प्रति लगाव से वह गहराई से प्रभावित हुए हैं।

जैकी ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा जल्द ही फिल्म निर्माण का एक अहम हब बनेगा, जहां नई प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा और कलाकारों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। जैकी ने दो तस्वीरें भी साझा कीं—पहली में सीएम सैनी उन्हें शॉल भेंट करते दिख रहे हैं और दूसरी में दोनों के बीच गंभीर चर्चा होती नजर आ रही है।

मुलाकात के दौरान फिल्म सिटी की स्थापना को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। सीएम सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि उन्होंने जैकी भगनानी और फिल्ममेकर सुमित अदलखा से मुलाकात की और हरियाणा सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उनका मानना है कि यदि जैकी ने राज्य में फिल्म शूटिंग शुरू की तो यहां के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और अन्य फिल्ममेकर भी हरियाणा में शूटिंग के लिए प्रेरित होंगे।

इससे पहले जैकी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि कैसे उन्होंने फैमिली पैक से सिक्स पैक तक का सफर तय किया और उनके लिए सफलता का असली मतलब क्या है। वहीं, उनकी पत्नी और अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर गणेश चतुर्थी की तस्वीरें पोस्ट की थीं। इन तस्वीरों में जैकी और रकुल अपने परिवार के साथ त्योहार मनाते नजर आए और रकुल ने अपने घर आए गणपति की झलक भी प्रशंसकों को दिखाई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment