जोहानिसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रिकेटरों के साथ-साथ दुनिया भर के कई स्टार खिलाड़ी एसए20 क्रिकेट लीग के चौथे संस्करण की खिलाड़ी नीलामी में हिस्सा लेंगे। यह नीलामी 9 सितंबर को जोहानिसबर्ग में आयोजित की जाएगी।
नीलामी में 500 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। इस दौरान छह फ्रेंचाइजी 26 दिसंबर 2025 से शुरू होने वाले सीजन के लिए अपनी 19-सदस्यीय टीम को अंतिम रूप देंगी।
इस बार 800 से ज्यादा खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, जो लीग के इतिहास में सबसे बड़ा आंकड़ा है। फ्रेंचाइजी की समीक्षा के बाद सूची को घटाकर 541 खिलाड़ियों तक सीमित किया गया, जिनमें 300 दक्षिण अफ्रीकी और 241 विदेशी खिलाड़ी हैं।
दक्षिण अफ्रीकी टी20 कप्तान एडेन मार्करम स्थानीय खिलाड़ियों का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ आईसीसी टी20 विश्व कप फाइनल टीम के सात सदस्य – एनरिक नोर्किया, क्विंटन डिकॉक, रीजा हेंड्रिक्स, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, ओटनील बार्टमैन और गेराल्ड कोएत्जी भी नीलामी का हिस्सा होंगे।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप विजेता टीम के सदस्य काइल वेरिने, डेविड बेडिंघम, वियान मुल्डर, लुंगी एनगिडी, टोनी डी जॉर्जी और डेन पैटरसन भी उपलब्ध रहेंगे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दिग्गज शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) और जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) के साथ मुस्तफिजुर रहमान, एलेक्स हेल्स और मोईन अली जैसे नाम भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
एसए20 फाइनल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी टॉम एबेल और पूर्व चैंपियन एडम रॉसिंगटन, जोर्डन कॉक्स तथा डेनियल वोरॉल पर भी निगाहें टिकी रहेंगी।
इस बार नीलामी में अंडर-23 खिलाड़ियों के चयन के लिए नया खंड जोड़ा गया है। इसमें वे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी शामिल होंगे जिनकी आयु प्रतियोगिता शुरू होने तक 23 वर्ष या उससे कम होगी। इस श्रेणी में डेवाल्ड ब्रेविस, क्वेना मफाका और एंडिले सिमेलाने जैसे उभरते हुए सितारे शामिल हैं।
कुल 84 खिलाड़ियों के लिए 70 लाख डॉलर से अधिक की राशि उपलब्ध होगी, जिनमें से अधिकतम 25 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। हर टीम में 19 खिलाड़ी होने अनिवार्य हैं, जिनमें कम से कम नौ दक्षिण अफ्रीकी, अधिकतम सात विदेशी, दो अंडर-23 दक्षिण अफ्रीकी और एक वाइल्डकार्ड खिलाड़ी होना चाहिए।
नीलामी का सीधा प्रसारण भारत में 9 सितंबर को शाम 5 बजे से जियोहॉटस्टार और एसए20 यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकेगा। प्रशंसक इसे बेटवे एसए20 के सभी सोशल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लाइव देख पाएंगे।







